नगीना विद्युत उपखंड कार्यालय पर निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन करते विद्युत कर्मचारी।
- फोटो : BIJNOR
बिजली के निजीकरण का नगीना में भी विरोध
नगीना। बिजली के निजीकरण के विरोध और पूर्व की वार्ता में बनी सहमति पर आदेश जारी न किए जाने पर नाराजगी जताते हुए विद्युत निगम कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों को कर्मचारी विरोधी बताते हुए नारेबाजी की।
विद्युत निगम के उप खंड कार्यालय पर विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन के विरोध प्रदर्शन में वक्ताओं ने निजीकरण से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि निजीकरण से सभी श्रेणी के लिए उपभोक्ताओं को महंगी बिजली की मार झेलनी पड़ेगी। बिजली का निजीकरण न करने पर सहमति के साथ ही कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण का भी आश्वासन प्रबंधन ने दिया था, लेकिन अब तक भी इसके आदेश जारी नहीं किए गए हैं। इसके विरोध में संगठन ने प्रदेश व्यापी विरोध दिवस मनाया और काली पट्टियां बांध कर विरोध प्रकट किया। इस अवसर पर प्रांतीय महामंत्री मोहम्मद अरशद, संदीप कुमार, मंजीत सिंह, रामलाल, वासिफ अतीक, ओसामा जमाल, महेश सिंह, सविता सैनी, इंद्रेश यादव, ओमकार सिंह, राजू सिंह आदि शामिल रहे।