बिजनौर। मरीजों को अब जांच कराने के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा। ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट बनाई जाएगी। जिससे प्राथमिक जांचों की संख्या बढ़ेगी। सीएचसी पर बन रही यूनिट में ही मरीजों की ज्यादातर जांच हो सकेंगी। वहीं इस यूनिट के जरिए गंभीर मरीजों को सीधे हायर सेंटर रेफर किया जा सकेगा।
जिले में वर्तमान में हल्दौर और नूरपुर सीएचसी पर ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट तैयार की जा रही है। इन यूनिटों को शासन स्तर से नामित कंपनी तैयार कर रही है। जल्द ही इस यूनिट का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके अलावा इस यूनिट में पैथोलॉजी लैब और एचएमआईएस (हेल्थ मैनेजमेंट इनफार्मेशन सिस्टम) यूनिट बनेगी।
लैब और एचएमआईएस यूनिट बनने से मरीजों को फायदा होगा। क्योंकि इनके माध्यम से सीएचसी पर ही स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। अभी सीएचसी पर खून की कम ही जांच होती है। यह यूनिट तैयार हो जाने के बाद खून की जांच की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा यहां बीपीएम (ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक) बैठेगा, जो स्वास्थ्य संबंधित कार्यक्रम को संचालित करेगा।
49 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही एक यूनिट
स्वास्थ्य विभाग के जेई पीके जैन ने बताया कि जिले में फिलहाल दो ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट बनाई जा रही हैं। एक यूनिट करीब 49 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रही है। हल्दौर में काम चल रहा है। नूरपुर में इस यूनिट का जल्द ही काम शुरू होगा। शासन की ओर से नामित कंपनी ही इन यूनिट का निर्माण करा रही हैं।
जिले में हल्दौर और नूरपुर सीएचसी पर ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट बनेगी। दोनों जगहों निर्माण कार्य चल रहा है। लैब तैयार होगी, जिससे जांचों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यूनिट बनने से मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी।.....डॉ. विजय कुमार गोयल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी