हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज, की गई समीक्षा
बिजनौर। हर घर तिरंगा कार्यक्रम को लेेकर तैयारियां तेज हो गई है। तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक भी हुई। जिसमें सभी विभागों को झंडे प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं झंडारोहण में झंडा संहिता के नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
सोमवार को सीडीओ पूर्ण बोरा ने सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। निर्देश दिए कि पांच अगस्त तक झंडा लाभार्थियों के नाम एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना जरूरी है। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिले के सभी आवासीय भवनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, इमारतों आदि पर निर्धारित आकार का झंडा फहराया जाएगा। इसके अतिरिक्त समस्त सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में खादी से निर्मित झंडे फहराए जाएंगे। अधिकारियों से कहा कि झंडे तैयार करानेे के बाद बिक्री के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में राशन की दुकानों पर उपलब्ध करा दिए जाएं।
हर घर में तिरंगा फहरे, इसकी जिम्मेदारी विकास खंड स्तर पर सभी बीडीओ तथा निकायों में सभी अधिशासी अधिकारियों की होगी। सभी गांव में प्रधानों, सचिवों व लेखपालों को ग्रामीणों के साथ बैठक कर हर घर तिरंगा फहराने की कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। कहा कि झंडा संहिता के अनुसार ही राष्ट्र ध्वज का झंडारोहण किया जाएगा, किसी भी दशा में झंडा संहिता के नियमों का उल्लंघन नहीं होने पाए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. विजयकुमार गोयल, पीडी ज्ञानेश्वर तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार, डीडीओ एस कृष्णा, बीएसए जयकरण यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।