निर्माण में गड़बड़ी, लागत की वसूली होगी
बिजनौर। कोतवाली ब्लॉक की पंचायत में जांच में निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण नहीं मिले। जांच प्रशासनिक व तकनीकी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की है। सीडीओ पूर्ण बोरा ने आरोपी पंचायत सचिव व कार्यदाई संस्था के खिलाफ निर्माण लागत की वूसली करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
मामला कोतवाली ब्लॉक की ग्राम पंचायत हाजी मोहम्मदपुर कोटकादर का है। पंचायत में लाखों की लागत से सड़क निर्माण तथा मनरेगा कार्य हुए हैं। ग्रामीणों ने सीडीओ को सड़क निर्माण व मनरेगा कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने की शिकायत की थी। आरोप लगाया कि निर्माण सामग्री घटिया लगाई गई है। मनरेगा कार्यों में भी गड़बड़ी है।
सीडीओ पूर्ण बोरा ने शिकायतों की जांच के लिए जिला उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार यादव तथा जिला ग्राम्य विकास संस्थान के सहायक अभियंता अनूपराय जैन की टीम गठित की। पंचायत सचिव अभिलेख उपलब्ध कराने को कहा गया था। सीडीओ ने बताया कि टीम ने जांच रिपोर्ट सौंप दी है। जिसके अनुसार प्रथम दृष्टया पंचायत सचिव व कार्यदाई संस्था की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है। सीडीओ पूर्ण बोरा के मुताबिक सड़क की निर्माण लागत 47,696 रुपये बताई गई। मनरेगा कार्यों के व्यय का विवरण अंकित नहीं है। आरोपियों से लागत वसूली की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जिला उपायुक्त मनरेगा तथा डीपीआरओ को दिए गए हैं। कहा कि पंचायतों में किए जा रहे विकास कार्यों में भ्रष्टाचार व अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं होगी।