तवे और कड़ाही के कारोबार को बढ़ाने की तैयारी
धामपुर। पालिका की ओर से नगर के लोहा उत्पाद (तवे और कड़ाही) के कारोबार को बढ़ावा देने के लिए ‘एक निकाय, एक उत्पाद’ की तर्ज पर सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के दौरान कारोबारियों की परेशानियों को सुना जा रहा है। उनकी फर्म में कितने श्रमिक हैं और उन्हें कितना पारिश्रमिक प्राप्त होता है।
पालिका के ईओ सुभाष कुमार ने बताया कि जिस प्रकार से नगीना में काष्ठ कला, मुरादाबाद में पीतल के बर्तनों को ‘एक निकाय और एक उत्पाद’ के रूप में विकसित किया गया है, ठीक उसी प्रकार से धामपुर में भी लोहे के तवे और कड़ाही को विकसित किया जाएगा। इसके लिए पालिका की ओर से सर्वे किया जा रहा है। अब तक हुए सर्वे के दौरान धामपुर पालिका में 18 फर्म ऐसी हैं जो बाहर से कच्चा माल मंगा कर तवे और कड़ाही तैयार कर अन्य प्रदेशों निर्यात किया कर रही हैं।
100 किलो तक की बनती है कड़ाही
नूर आयरन फर्म के स्वामी नूर मोहम्मद ने बताया कि उनकी फर्म पर 100 किलो वजन की कड़ाही और एक से पांच किलो वजन तक के तवे बनते हैं, जिसे गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, पीलीभीत सहित कई जिलों में निर्यात किया जाता है। शौकत अली ने बताया कि उनकी फर्म पर भी ऐसे ही तवे और कड़ाही तैयार कर प्रदेश के गैर जिलों में भेजा जाता है।
उत्पादों की लगाई जाएगी प्रदर्शनी
ईओ का कहना है कि जब पालिका की ओर से सर्वे कार्य पूरा हो जाएगा तो संबंधित कारोबारियों के उत्पादों की नगर में प्रदर्शनी लगवाई जाएगी। परेशानियों को दूर किया जाएगा। सरकार की ओर से कारोबार को और विस्तृत करने को ऋण आदि की भी व्यवस्था की जाएगी।