फोटो - 12एनजेडबी01ए, 01बी, 01सी
नजीबाबाद। प्रयागराज से न्यू ऋषिकेश जा रही संगम एक्सप्रेस को रेलवे ने नजीबाबाद स्टेशन पर रद्द कर दिया। ट्रेन रद्द होने की सूचना पर यात्रियों में हड़कंप मच गया। लक्सर रेलवे स्टेशन के यार्ड में पानी भरने पर मुरादाबाद कंट्रोल के निर्देश पर प्रयागराज से न्यू ऋषिकेश जा रही संगम एक्सप्रेस 14229 अप को रेलवे ने नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचने पर रद्द घोषित कर दिया। आनन-फानन में यात्री प्लेटफार्म पर उतरे। काफी देर तक स्टेशन पर यात्री गंतव्य के लिए जाने के लिए भटकते रहे।
आरक्षित यात्रियों को रेलवे में उपलब्ध कराई बस सेवा
नजीबाबाद। नजीबाबाद स्टेशन पर संगम एक्सप्रेस रद्द होने के बाद रेलवे ने आरक्षित कोचों में सफर कर रहे यात्रियों को परिवहन निगम की बसों से निशुल्क गंतव्य तक पहुंचाने की घोषणा की। सीएमआई आरके मीणा, सीआईटी प्रवेश कुमार बरनवाल ने टीम के साथ परिवहन निगम के नजीबाबाद डिपो के स्टेशन प्रभारी अरूज मेहंदी से संपर्क कर पांच बसों के माध्यम से आरक्षित यात्रियों को हरिद्वार तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई।
रन थ्रू दुर्गियाना एक्सप्रेस दो घंटे नजीबाबाद में रुकी
नजीबाबाद। कोलकाता से अमृतसर जा रही दुर्गियाना एक्सप्रेस नजीबाबाद स्टेशन पर स्टॉपेज न होने के कारण दो घंटे तक नजीबाबाद स्टेशन पर रुकी रही। लक्सर स्टेशन के यार्ड में पानी भरा होने के कारण ट्रेन दिन में करीब 1:30 से 3:30 बजे तक नजीबाबाद स्टेशन पर रुकी रही। मुरादाबाद कंट्रोल की सूचना पर दुर्गियाना एक्सप्रेस को वाया दिल्ली से निकालने का फैसला लिया गया। नजीबाबाद स्टेशन से ट्रेन को वापस मुरादाबाद भेजा गया। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई ट्रेनें रद्द तो कुछ का बदला रूट
नजीबाबाद। तेज वर्षा से रेल संचालन में आ रही बाधाओं के साथ ट्रेनें रद्द होने और रूट डायवर्ट करने का सिलसिला जारी है। सहारनपुर से अंबाला के बीच ट्रेन संचालन बाधित होने के बाद लक्सर रेलवे स्टेशन के यार्ड में पानी आने से यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। रेलवे ने अप दिशा की प्रयागराज संगम एक्सप्रेस लक्सर से पूर्व नजीबाबाद स्टेशन पर रद्द कर दी। अप दिशा की किसान एक्सप्रेस, आप और डाउन दिशा की चंदौसी-ऋषिकेश एक्सप्रेस रेलवे ने बुधवार को रद्द कर दी। लखनऊ से चंडीगढ़ के बीच चलने वाली 15012 डाउन चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन को वाया पानीपत-दिल्ली रूट डायवर्ट किया गया है।