स्योहारा । स्योहारा के गांव किवाड़ की ग्राम प्रधान और उसके पति ने एक परिवार के ही छह लोगों को जेल भिजवाने के मकसद से डकैती की झूठी कहानी गढ़ दी। पुलिस की प्राथमिक जांच में ही डकैती का मामला फर्जी निकला। पूरा सामान ग्राम प्रधान के ही घर में रखा मिलने पर ग्राम प्रधान के पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शनिवार को गांव किवाड़ गुलफ्शा पत्नी कमरुद्दीन ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया कि शुक्रवार रात वह घर में सो रही थी, तभी छह नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने जबरन सेफ और अलमारी की चाबी छीन ली। बदमाश अलमारी में रखे करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, चांदी के 30 सिक्के और एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। महिला ने गांव के ही दो नामजद समेत छह लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया। सूचना पर डायल 112 के साथ ही सीओ धामपुर अभय कुमार पाण्डेय, थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस को घटना संदिग्ध लगी। घर की तलाशी लेने पर कथित चोरी का सारा सामान घर में ही मिल गया। इसके बाद पुलिस ने महिला से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सच्चाई उगल दी। गुलफ्शा ने बताया कि चचेरे ससुर एवं ग्राम प्रधान के पति शौकत ने रंजिश के चलते गांव के एक परिवार को फंसाने के लिए उससे झूठी कहानी बनवाकर पुलिस को सूचना दिलवाई थी।
सीओ धामपुर अभय कुमार पाण्डेय ने बताया कि महिला ने ग्राम प्रधान पति शौकत के कहने पर डकैती की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने प्रधान के पति शौकत के खिलाफ पुलिस को झूठी सूचना देकर भ्रमित करने के आरोप में शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया। उधर एसडीएम कोर्ट ने आरोपी प्रधान के पति को जेल भेज दिया है।