प्रयोगात्मक परीक्षाएं 30 सितंबर से होंगी शुरू
बिजनौर। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की बीएड व एमएड की आंतरिक व प्रयोगात्मक परीक्षाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग होगी। कालेज 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी की कापी सील्ड पैकेट में सुरक्षित रखेंगे।
विश्वविद्यालय के मीडिया सदस्य तपन कुमार वर्मा के अनुसार विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा 2022 बीएड, एमएड ,बीएलएड, बीपीएड की आंतरिक एवं प्रयोगात्मक परीक्षा 30 सितंबर से 20 अक्टूबर के मध्य होंगी। इस बारे में कॉलेजों को निर्देश भेज दिए हैं।
बताया कि निर्धारित तिथि के बाद अंक स्वीकार्य नहीं होंगे। अंक पर्ण दो प्रति में तैयार होंगे। हार्ड कापी कॉलेज में सुरक्षित रहेगी। केवल अंक ऑनलाइन भेजे जाएंगे। कॉलेजों को प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न कराते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग बनानी है।
प्रयोगात्मक परीक्षा चुनौती मूल्यांकन से आच्छादित
तपन कुमार वर्मा के मुताबिक बीएड, एमएड, बीएलएड, बीपीएड आदि परीक्षा चुनौती मूल्यांकन से आच्छादित है। कॉलेज प्रयोगात्मक परीक्षा की कापी सुरक्षित रखेंगे। जो विश्वविद्यालय द्वारा कभी भी मांगे जाने पर कॉलेजों को उपलब्ध करानी है। बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा में जिन विद्यार्थियों के अंक 80 प्रतिशत या उससे अधिक होंगे, उनकी कापी कॉलेज सील्ड पैकेट में अलग से सुरक्षित रखेंगे। वर्धमान कॉलेज बिजनौर में एसोसिएट प्रोफेसर व रुटा अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि निर्देश मिल गए हैं।