पड़ोसी को की जा रही थी बिजली आपूर्ति, रिपोर्ट दर्ज
हल्दौर। गांव अम्हेङा में विद्युत निगम की टीम ने एक उपभोक्ता के घर छापा मार कर पड़ोसी को अवैध रूप से विद्युत आपूर्ति कराने के मामले में विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उस पर करीब साढ़े तीन लाख रुपये विद्युत चोरी करने का आरोप है।
गांव अम्हेड़ा में मुन्नी देवी पत्नी नरेश सिंह के नाम से घरेलू कनेक्शन है। बृहस्पतिवार की शाम विद्युत निगम के हल्दौर एसडीओ अरविंद कुमार बिंद टीम के साथ उपभोक्ता के घर पहुंचे और उसके विद्युत कनेक्शन की जांच की, जांच में उसके विद्युत मीटर से केबल में कट लगा हुआ पाया गया। उपभोक्ता ने अपने पड़ोसी व्यक्ति को अवैध रूप से बिजली की आपूर्ति दे रखी थी। टीम में शामिल सिसौना बिजलीघर के जेई धनंजय ने संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ शुक्रवार की शाम विद्युत चोरी के मामले में बिजनौर थाने में करीब साढ़े तीन लाख रुपये विद्युत चोरी के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव में विजिलेंस द्वारा छापे मारने की सूचना से विद्युत चोरों में हड़कंप मच गया। विद्युत चेकिंग के दौरान उपभोक्ता के घर के सामने लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने विद्युत निगम की टीम से विद्युत आपूर्ति में सुधार कराए जाने की भी मांग की। विद्युत उपखंड अधिकारी अरविंद कुमार बिंद ने आरोपी उपभोक्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की पुष्टि की है