साहनपुर में बिजलीघर... फिर भी बरकरार है संकट
नजीबाबाद। चिराग तले अंधेरा कहावत साहनपुर वासियों के लिए सच साबित हो रही है। साहनपुर में बिजलीघर होने के बावजूद आए दिन बिजली संकट से साहनपुरवासी परेशान हैं। नगर के कई मोहल्लों के लिए भी साहनपुर बिजलीघर से विद्युत आपूर्ति चुनौती बनी हुई है। बिजली न आने से पेयजल संकट भी बना रहता है।
साहनपुर में 33 केवी बिजलीघर निर्माण को एक दशक पूरा हो चुका है। साहनपुरवासियों को बिजलीघर बनने से बिजली संकट से निजात मिलने की उम्मीद थी, लेकिन हुआ विपरीत। 132 केवी उपसंस्थान से ग्रामीण क्षेत्रों से होकर आने वाली उच्च क्षमता की विद्युत लाइन से साहनपुर के बिजलीघर को विद्युत सप्लाई दी जाती है।
साहनपुर नगर पंचायत, नजीबाबाद के कई मोहल्लों और ग्रामीण फीडरों को साहनपुर बिजलीघर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराता है। तेज हवाओं के झोंके, आंधी-तूफान, वर्षा से साहनपुर बिजलीघर ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत लाइन तकनीकी खराबी का शिकार हो जाती है, जिससे साहनपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार विद्युत संकट बना रहता है।
साहनपुर नगर पंचायत के मोहल्ला ऊंटवान, अंसारियान, चौक बाजार, हकीमान सहित कई क्षेत्रों में 630 केवी के ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति दी जाती है। क्षेत्रीय उपभोक्ताओं कदीर अहमद, लतीफ, फारूख ठेकेदार, मो.इसरार, मो.निसार, शकील, शमीम, अहसान, बुंदू का आरोप है कि विद्युत विभाग की उदासीनता से 630 केवी ट्रांसफार्मर की लीडें खस्ताहाल हैं, आए दिन ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी से विद्युत आपूर्ति ठप हो जाती है। अक्सर ट्रांसफार्मर से लो वॉल्टेज आने से विद्युत उपकरणों का संचालन सुचारु रूप से नहीं हो पाता है।
उधर, नगर के मोहल्ला शामली, रम्पुरा, वाहिद नगर, संतोमालन सहित कई क्षेत्रों को साहनपुर बिजलीघर से विद्युत आपूर्ति दी जाती है। क्षेत्रीय नागरिकों भाजपा नेता संजय त्यागी एड., डॉ.राजीव अरोड़ा का कहना है कि जब से साहनपुर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति जोड़ी गई है तब से आधे नगर क्षेत्र में पेयजल और विद्युत संकट की स्थिति गंभीर होती जा रही है। उपभोक्ताओं ने जलनिगम नलकूपों से जुड़ी साहनपुर से आने वाली विद्युत आपूर्ति से मुक्ति दिलाने की मांग की है।