बिजनौर में पोस्टमास्टरों को कारण बताओ नोटिस देने के मामले में कर्मचारी यूनियन व डाक विभाग की लड़ाई में विभाग बैकफुट पर आना शुरू हो गया है।
विभाग ने दो पोस्टमास्टरों के नोटिस वापस ले लिए हैं। वहीं कर्मचारी यूनियनों का कहना है कि अगर सभी पोस्टमास्टरों के नोटिस वापस नहीं किए गए तो आंदोलन किया जाएगा। जिले के देहात क्षेत्र में 258 ब्रांच पोस्ट ऑफिस है। इन पोस्ट ऑफिस का काम देहात में डाक बांटना होता है। आरोप है कि यह अपना कार्य सही से नहीं कर रहे थे। इस कारण उपभोक्ताओं को डाक नहीं मिल पा रही थी। उपभोक्ताओं ने डाक नहीं मिलने की शिकायत विभाग से की। विभाग ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिले के 16 पोस्टमास्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए थे। नोटिस वापस कराने की मांग को लेकर कर्मचारी यूनियन व विभाग आमने-सामने आ गए थे। डाक विभाग बैकफुट आता दिखने लगा है। विभाग ने दो के नोटिस वापस ले लिए। कर्मचारी यूनियन का कहना है कि सभी पोस्टमास्टरों के नोटिस वापस नहीं लिए गए तो विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। मुख्य डाक अधीक्षक एससी वर्मा का कहना है कि दो पोस्टमास्टरों के नोटिस वापस इसलिए लिए गए हैं, दोनों पोस्टमास्टर छुट्टी पर थे।