- मुजफ्फरनगर में योगी तो बिजनौर में रहे पुष्कर सिंह धामी
- डिप्टी सीएम समेत कई मंत्रियों और अफसरों का रहा जमावड़ा
रजनीश त्यागी
बिजनौर। कार्यक्रम चाहे जो हो, लेकिन इशारा अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों की ओर नजर आ रहा है। बृहस्पतिवार को जिस तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में यूपी और उत्तराखंड सरकार के नुमाइंदों का जमावड़ा रहा, उससे साफ होता है कि भाजपा ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। बीते वर्षों की तरह इस बार भी शुरुआत वेस्ट यूपी से ही की जा रही है।
बृहस्पतिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के खतौली पहुंचे। उन्होंने सहारनपुर में विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने के बाद मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया। एमएलसी अशोक कटारिया के गांव हीमपुर पृथ्या में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। जिला मुख्यालय पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा की। इस चर्चा का केंद्र भी आगामी लोकसभा चुनाव ही रहा। इसके बाद वे भी हीमपुर पृथ्या पहुंचे। कार्यक्रम भले ही धार्मिक रहा हो लेकिन जिस तरह से वहां मंत्रियों और अन्य नेताओं का जमावड़ा रहा, इसके अपने राजनैतिक निहितार्थ हैं। कार्यक्रम में नेताओं ने अपने शक्ति प्रदर्शन में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। (संवाद)
कोई नंबर तो कोई कद बढ़ाने में जुटा रहा
भले ही जिले में कार्यक्रम धार्मिक था, लेकिन इसमें राजनीतिक लोग अपने-अपने फायदे भी तलाशते दिखे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से लेकर कई अन्य मंत्री और पदाधिकारी जिले में पहुंचे। ऐसे में जिले में भाजपा जिलाध्यक्ष की दौड़ में शामिल दावेदार अपने नेताओं की परिक्रमा कर अपने नंबर बढ़ाने में जुटे नजर आए। इसके अलावा 2024 की तैयारी में जुटे दावेदार भी अपना कद बढ़ाने के लिए बड़े नेताओं के पास ही दिखने का प्रयास करते रहे। मौका देख हर कोई नेताओं से वार्ता भी करते दिखे।