बिजनौर। पिछले तीन दिनों से पुलिस अफसर भी सड़कों पर उतरे हुए हैं जोकि यातायात के नियमों का पालन करने की हिदायत ही नहीं दे बल्कि चालान भी काट रहे हैं। अब इससे एक कदम और आगे बढ़ाते हुए पुलिस वालों को भी यातायात का पाठ पढ़ाया जाएगा। आज सोमवार से इस अभियान की शुरुआत पुलिस लाइन से होगी, जिलेभर में ऐसे पुलिसवालों के चालान काटे जाएंगे जोकि बिना हेलमेट बाइक दौड़ते हैं।
शनिवार की देर शाम एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने शहर के सबसे व्यस्त चौराहे पर खड़े होकर बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों को खूब हड़काया। इससे एक दिन पहले एसपी दिनेश सिंह ने भी सिविल लाइन में पेट्रोल पंप पर पहुंचकर बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों का खुद चालान काट दिया था।
जनता को समझाने और जागरूक करने के बाद पुलिस वालों को भी सुधारने की तैयारी है। आज सोमवार को पुलिस लाइन से अभियान की शुरुआत होगी। बिना हेलमेट लगाए अगर कोई भी पुलिस कर्मी पहुंचा तो उसका चालान तय है। इसके अलावा जिलेभर में अधिकारी खुद मौके पर खड़े होकर यातायात नियमों से लापरवाह पुलिसकर्मियों के चालान करेंगे।
10 दिन में पकड़े 106 पियक्कड़
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी खूब चाबुक चल रहा है। महज दस दिनों में 106 पियक्कड़ों के चालान किए गए हैं। बता दें कि शराब पीकर वाहन चलाने पर दस हजार रुपये का चालान किया जाता है। दिसंबर के महीने में ऐसे पियक्कड़ों को यातायात पुलिस सबक की सिखा रही है।
59 हजार से वसूला गया डेढ़ करोड़ जुर्माना
जनवरी से लेकर अब तक करीब 59 हजार लोगों के चालान किए गए हैं। यातायात के नियमों का पालन नहीं करने वाले इन लोगों से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। भारी भरकम जुर्माना भरने के बाद भी लोग सुधरने को तैयार नहीं है।
जनवरी से 10 दिसंबर तक काटे गए चालान
हेलमेट 33989
सीट बेल्ट 5474
मोबाइल फोन 646
नो पार्किंग 2015
गलत दिशा 980
शराब पीकर गाड़ी चलाना 261
ओवर स्पीड 492
बिना डीएल 10784
पूरे जिले में आज से सख्त चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। जिसमें ऐसे पुलिसकर्मियों के चालान किए जाएंगे, जोकि बिना हेलमेट या बिना सीट बेल्ट के चल रहे हैं। शुरुआत पुलिस लाइन से होगी। किसी भी पुलिसकर्मी को यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर बख्शा नहीं जाएगा - डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, एएसपी सिटी