बिजनौर: हीमपुरदीपा क्षेत्र के ग्राम सब्दलपुर रेहरा में हमले में घायल सिपाही विनीत।
- फोटो : BIJNOR
हीमपुर दीपा (बिजनौर)। सब्दलपुर रेहरा गांव में वांछित बदमाश को पकड़ने गई पुलिस पर लोगों ने हमला बोल दिया। इस हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इस मामलेे में पुलिस की ओर से तीन महिलाओं सहित नौ लोगों को नामजद करते हुए पंद्रह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव सब्दलपुर रेहरा में मंगलवार की रात दरोगा उपेंद्र सिंह, सुभाष तोमर पुलिस टीम के साथ अभियान के तहत वारंटी व अपराधियों की तलाश में गए थे। पुलिस टीम हिस्ट्रीशीटर शमशाद उर्फ पत्तू के घर पर दबिश देने के लिए गई। घर के सामने पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद हिस्ट्रीशीटर शमशाद ने अपने परिवार की महिलाएं और अन्य लोगों के साथ पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। हमले में हुए पथराव व मारपीट में सिपाही विनीत तेवतिया घायल हो गया। इस बीच मौका देख कर हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने भाग रहे आरोपियों का पीछा करके हमले में शामिल जाहिद को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद शर्मा ने बताया कि घायल विनीत सिपाही को मेडिकल कराने के लिए भेजा गया है। मामले में हिस्ट्रीशीटर शमशाद उर्फ पत्तू, उसकी पत्नी शबाना उर्फ शब्बो, दिलशाद टाटा अनवर सहाना पत्नी दिलशाद इमराना पत्नी इमरान सहित 15 लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस की टीम हमलावरों की तलाश में जुटी है। किसी भी हमलावर को बख्शा नहीं जाएगा।