चालक-परिचालक से लूटपाट पुलिस मान रही संदिग्ध
नजीबाबाद। देहरादून से पीलीभीत जा रही बस चालक-परिचालक द्वारा चार नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट करने का मामला पुलिस संदिग्ध मान रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों मे रंजिश के चलते विवाद के कारण मारपीट का दावा करते हुए जांच शुरू की है।
नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग पर बुधवार देर रात देहरादून से पीलीभीत जा रही बस चालक पीलीभीत निवासी अशफाक और परिचालक तौफीक ने पुलिस को कुछ लोगों द्वारा बस रोककर मारपीट करने, बस को नुकसान पहुंचाने और हजारों की नकदी लूटने की तहरीर सौंपी थी। बस चालक ने पुलिस को दी तहरीर में सलमान, अरशद, चांद व उसके साथियों द्वारा नजीबाबाद क्षेत्र में बस रोककर लूट करने का आरोप लगाया था। चालक का कहना था कि आरोपी देहरादून में बस चलाने का काम करते हैं। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि बस चालक और आरोपी एक-दूसरे से परिचित हैं। उन्होंने लूटपाट की घटना को भ्रामक बताते हुए पुरानी रंजिश के चलते विवाद होने की बात कही है।