‘जनता के साथ अच्छा व्यवहार करे पुलिस’
बिजनौर। डीआईजी शलभ माथुर ने कहा कि पुलिस आम जनता के साथ अच्छा व्यवहार करें। जो भी प्रार्थनापत्र आएं उनका त्वरित निस्तारण हो। लंबित विवेचनाओं का निस्तारण किया जाए। ऐसा कोई काम न किया जाए, जिससे पुलिस पर उंगली उठे।
बृहस्पतिवार को डीआईजी शलभ माथुर ने रिक्रूट आरक्षियों के परेड समारोह के बाद पुलिस लाइन में राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक की, इसमें जिले की कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर रोकथाम और अपराधियों की नकेल कसने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गंभीर अपराधों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी के साथ ही दुर्व्यवहार न करें। सभी का साथ पुलिस मित्रवत व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि जो भी लंबित विवेचनाएं हैं, उनका त्वरित निस्तारण किया जाए। इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात कार्यालय, डायल-112 का भी निरीक्षण करते हुए शाखा प्रभारियों को वाहनों कार्यालयों के अभिलेखों के रखरखाव, वाहनों की सफाई समय से कराने के निर्देश दिए।
आरजेपी इंटर कॉलेज पहुंचकर 23 वीं वाहनी पीएसी के जवानों को ड्यूटी करने के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के निर्देश दिए। डीआईजी ने मंडावर रोड पर निर्माणाधीन नई पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता आदि की जांच कर समय से पूरा करने के निर्देश दिए। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण किया। पुलिस कार्यालय में विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर दस्तावेजों का निरीक्षण कर साफ-सफाई के निर्देश दिए। शहर कोतवाली के निरीक्षण के दौरान शब्द अभिलेख, बीट अभिलेख के साथ विभिन्न अभिलेखों का गहनता से मुआयना किया। डीआईजी ने पुलिस को महिला और बच्चों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस कर्मियों से संवाद स्थापित कर कोरोना कर्फ्यू को प्रभावी बनाने और सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। डीआईजी ने विदुरकुटी पुलिस चौकी का भी लोकार्पण किया।