बिजनौर में एक बैंकेट हॉल में चुनाव की बैठक में उपस्थित पुलिसकर्मी।
- मतदान के दिन ड्यूटी करने वाले पुलिस फोर्स को डीएम और एसपी ने किया निर्देशित
फोटो समाचार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिजनौर। निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। मतदान के वक्त शरारती तत्वों पर पुलिस फोर्स की कड़ी नजर रहेगी। इसी क्रम में दूसरे जिलों से आने वाली फोर्स भी बिजनौर पहुंच चुकी है। फोर्स की ड्यूटी निर्धारित करते हुए जरूरी निर्देश दिए।
मंगलवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और एसपी नीरज कुमार जादौन ने नजीबाबाद रोड स्थित एक बैक्वेट हॉल में चुनाव ड्यूटी में शामिल रहने वाले अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की बैठक ली। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अपनी ड्यूटी और ड्यूटी वाले मतदान केंद्र का पहले ही पता कर लें, जिससे समय रहते पोलिंग पार्टी के साथ रवाना हो सके। उन्होंने कहा कि सतर्कता और निष्पक्षता के साथ ड्य्टी करें। मतदान के समय कोई लापरवाही नहीं बरती जाए। शरारती तत्वों पर नजर रखें, किसी भी अफवाह या घटना पर तत्काल अधिकारियों को जानकारी दे दी जाए।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि चुनाव को लेकर सतर्कता बरतें। शरारती तत्वों पर नजर बनाए रहे, जिनसे भी माहौल खराब होने का खतरा हो उन पर तुरंत कार्रवाई की जाए। मतदान केंद्र के आसपास रहने वाले लोगों पर भी निगाह रखें। मतदान केंद्र के आसपास भीड़ जमा न हो पाए। इस दौरान एडीएम विनय कुमार सिंह, एएसपी सिटी डाॅ. प्रवीन रंजन सिंह, एएसपी देहात रामअर्ज, एएसपी देहात धर्म सिंह मार्छाल मौजूद रहे।