-आरोपी के पास से पुलिस ने बरामद किया हत्या में प्रयुक्त चाकू
-16 अक्तूबर को गौरव ने अपनी पत्नी दिव्यांशी की कर दी थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शहर कोतवाली के गांव अगरी में गौरव उर्फ कप्तान ने अपनी पत्नी दिव्यांशी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
अगरी निवासी अभय एडवाल पुत्र रणधीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि थाना मंडावर के गांव इनामपुर निवासी पति गौरव पुत्र राजकुमार, देवर सौरभ पुत्र राजकुमार, ससुर राजकुमार उसकी बहन दिव्यांशी से दहेज में 50 हजार रुपये, एक बुलेट मोटर साइकिल की मांग करते थे। गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी भी देते थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी गौरव ने पीड़ित की बहन दिव्यांशी की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पति गौरव, ससुर राजकुमार, देवरा सौरभ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस विवेचना में सामने आया कि आरोपी गौरव अपनी पत्नी दिव्यांशी पर शक करता था कि उसके एक लड़के से अवैध संबंध थे। इससे नाराज होकर उसने दिव्यांशी की हत्या की। वहीं ससुर और देवर का नामजद पुलिस विवेचना में गलत पाया गया। इसके अलावा गौरव ने इंस्टाग्राम पर युवक को जान से मारने की धमकी दी थी। जिस पर 23 अक्तूबर को उसके पिता राजीव कुमार पुत्र कोमल सिंह ने आरोपी गौरव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने अवैध संबंधों के शक में हत्या को अंजाम दिया था।