चांदपुर। चांदपुर पुलिस व सर्विलांस टीम ने 25 हजार रुपये के इनामी को चोरी की बाइक, आभूषण व अवैध शस्त्रों के साथ पकड़ लिया।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार बैसला ने बताया कि चांदपुर पुलिस व सर्विलांस टीम ने क्षेत्र के गांव नाईपुरा से आगे नहर के पुल के पास से अमरोहा निवासी नफीस को पकड़ा है। पकड़ गए व्यक्ति के पास से पुलिस ने एक अवैध तमंचा 315 बोर मय दो जिन्दा कारतूस 315 बोर, चोरी की एक बाइक फर्जी नम्बर प्लेट लगी व पीली धातु की एक लौंग, सफेद धातु के दो सिक्के व एक जोड़ी पायल बरामद की है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि नफीस एक शातिर चोर है, जिसके विरुद्ध थाना चांदपुर व जनपद के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मामले पंजीकृत हैं। इस पर 25,000 रुपये का पुरस्कार भी घोषित किया गया था। नफीस ने पूछताछ करने पर बताया कि वह अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर चांदपुर क्षेत्र में चोरी, नकबजनी व बाइक चोरी करते हैं। कुछ समय पहले तीनों ने मिलकर क्षेत्र के बास्टा व धनौरा रोड पर कई चोरियां की थीं। इसमें नदीम व ताहिर को पुलिस ने पकड़ लिया था। नफीस रेलवे स्टेशन के पास से चोरी की गई एक बाइक, मोहल्ला शाहचंदन में एक बंद मकान में की गई चोरी से मिले आभूषण को बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार बैसला, उप निरीक्षक जयवीर सिंह प्रभारी सर्विलांस सैल, उप निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक जुगेन्द्र तेवतिया, आरक्षी मोनू सर्विलांस सेल, हेड कांस्टेबिल विपिन कुमार, कांस्टेबिल अनुज बाना, असलम खान, आकाश कुमार आदि शामिल रहे।