-मिश्रित आबादी वाले इलाकों में तैनात रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। विवादित ढांचा गिराए जाने की बरसी और राजस्थान में करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हत्या को लेकर जिले में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई थी। उधर, मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस लगातार गश्त करती रहीं।
पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने मंगलवार की शाम छह दिसंबर की तारीख को लेकर जिले में सेक्टर व्यवस्था लागू कर दी थी। जिले को तीन सुपर जॉन, छह जॉन, 21 सेक्टर और 146 सब सेक्टर में बांटा गया था। इसी आधार पर बुधवार की सुबह से ही जिले भर में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी। प्रशासनिक और पुलिस अफसर जिले में लगातार भ्रमणशील रहे।
बिजनौर शहर में एसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, सीओ सिटी अनिल कुमार की अगुवाई में पुलिस ने पैदल मार्च किया। इसके अलावा शहर में अलग-अलग जगह पर पुलिस बल तैनात रहा। एसपी देहात राम अर्ज और सीओ चांदपुर सर्वम सिंह की अगुवाई में चांदपुर और नूरपुर इलाकों में पैदल मार्च किया गया।