शमसी बिरादरी के लोगों ने कब्रिस्तान की भूमि के बाहर पिंडदान स्थल बनाने किया था विरोध
सैनी समाज के लोगों ने किया हंगामा, पुरानी जगह पर ही पिंडदान स्थल बनाने की सहमति बनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना (बिजनौर)। पुलिस प्रशासन की ओर से शुक्रवार को सड़क किनारे बने पिंडदान स्थल को तुड़वा दिया गया। इसके विरोध में सैनी समाज के लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस का कहना था कि कब्रिस्तान के बाहर बिना अनुमति पिंड स्थल बनवाया गया था। रात भर हंगामा चला। शुक्रवार को दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों और प्रशासन की वार्ता के बाद मामले का पटापेक्ष हो गया।
मोहल्ला कस्बा में सड़क किनारे एक पिंडदान स्थल बना हुआ था। शमसी बिरादरी के लोगों ने कब्रिस्तान की भूमि के बाहर सड़क पर बिना अनुमति पिंडदान स्थल बनाने का विरोध किया। इस पर प्रशासन ने बृहस्पतिवार की रात्रि करीब 12 बजे जेसीबी से पिंडदान स्थल को तुड़वा दिया।
पिंड दान स्थल तोड़े जाने के बाद आसपास रहने वाले सैनी समाज के लोगों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख अफसरों ने आसपास के थानों की पुलिस को भी मौके पर बुला लिया। कई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत किया।
शुक्रवार की सुबह से लेकर शाम चार बजे तक प्रशासन और दोनों समाज के जिम्मेदार लोगों के बीच कई दौर की वार्ता हुई। वार्ता के बाद पुरानी जगह पर ही बिजली के ट्रांसफार्मर से पूर्व दिशा में आठ फीट तक सड़क पर ही पिंडदान स्थल बनाने की सहमति बन गई।
सहमति के बाद सैनी समाज के लोगों ने नया पिंडदान बनाने का कार्य प्रारंभ भी कर दिया। मामले का समाधान कराने में एसडीएम मांगे राम चौहान, भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री अनूप बाल्मीकि, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चौहान, चेयरमैन संघ के जिला अध्यक्ष शेख शाहनवाज खलील, सैनी समाज नगीना के अध्यक्ष महेंद्र सिंह सैनी, सभासद राजकुमार, सोहन सैनी, सुनील कुमार, बहारुद्दीन बहार, सरफराज अहमद आदि कायोगदान रहा।
कब्रिस्तान की भूमि के बाहर सड़क पर बिना अनुमति पिंडदान स्थल का नया निर्माण किया गया था। मुस्लिम समाज के लोगों ने इसका विरोध किया तो प्रशासन ने उसे हटवा था। बाद में दोनों पक्षों के बीच लिखित सहमति के बाद मामला समाप्त हो गया। पिंड स्थल पुनः बनाया जा रहा है। - राकेश वशिष्ठ, पुलिस क्षेत्राधिकारीश्
पिंडदान स्थल उनके पूर्वजों के जमाने से वही बना हुआ था। अब काफी पुराना हो चुके पिंडदान स्थल को कुछ युवाओं ने मरम्मत कराकर नया कर दिया था, जिसे पुलिस ने जबरन तुड़वा दिया था। उनका कहना है कि अब पिंड स्थल पुनः बनाए जाने जाने की सहमति बन गई है, तो मामला खत्म हो गया है। - महेंद्र सिंह सैनी, अध्यक्ष, सैनी समाज नगीना