वीर रस के कवियों ने कविता पाठ कर जगाई देशभक्ति
बिजनौर। जिला कृषि औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी में विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन इंदिरा बाल भवन में आयोजित हुआ। सम्मेलन में प्रवीण शुक्ला ने हास्य रस की कई रचनाएं सुनाकर राजनीतिक लोगों पर प्रहार किए। जिसके बाद श्रोताओं की तालियों की गड़गड़ाहट गूंजते रही। कवि हरिओम पंवार की वीर रस की कविता ने श्रोताओं में देशभक्ति का भाव जगाया और देर तक तालियां बजती रही।
मंगलवार रात को आयोजित कवि सम्मेलन में वीर रस के कवि डॉ. हरिओम पवार, गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना, शृंगार रस की कवयित्री सपना सोनी, डॉ. प्रवीण शुक्ला, स्वदेश यादव और सर्वेश अस्थाना रहे। कार्यक्रम का संचालन हास्य रस के ख्याति प्राप्त कवि एवं गीतकार डॉ. प्रवीण शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में सम्मेलन में डॉ. हरिओम पंवार को जीभर के सुना गया। उन्होंने इंकलाब के गीत सुनाते जाएंगे, मैनें क्यो गाए हैं नारे, आजादी के टूटे-फूटे सपने लेकर आया हूं कविता सुनाई। हास्य सम्राट सर्वेश अस्थाना ने अपने अंदाज में पुलिस पर व्यंग्यात्मक कटाक्ष किए। कटाक्ष को सुनकर कई पुलिसकर्मियों ने माला डालकर उनका स्वागत किया। मुरादाबाद से आए कवि प्रवीण कुमार राही ने अपने अंदाज में सोता हूं खूब गुदगुदाया। गौतम अंगीरा ने भी 1857 की क्रांति और देश की आजादी में शहीदों के योगदान को श्रोताओं तक पहुंचाया। गाजियाबाद से आए युवा वीर रस के कवि स्वदेश यादव ने लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया। राजस्थान के दौसा से आई कवयित्री सपना सोनी ने भी शृंगार रस की गई रचनाएं सुनाईं।
इसके अलावा सम्मेलन में गीतकार डॉ. विष्णु सक्सेना को श्रोताओं ने इतना उत्साहित किया कि वह कई रचनाएं सुनाने को मजबूर हो गए। इससे पहले विराट कवि सम्मेलन का शुभारंभ विधायक सूची चौधरी, भाजपा नेता मौसम चौधरी ने मां शारदे की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सम्मेलन में सभासद एवं जिला मीडिया प्रभारी भाजपा दीपक गर्ग मोनू, ज्योति लाल शर्मा, राकेश शर्मा, जितेंद्र राजपूत, अनिल गंभीर, कमल कुमार, संजीव विश्नोई, अशोक आर्य, दुष्यंत सिंह, अक्षय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।