निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर कीचड़ ने किया परेशान
बिजनौर। निर्माणाधीन पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर कीचड़ की वजह से चलना दूभर है। मामूली बारिश में ही इस मार्ग में कीचड़ फैल जाता है। दरअसल, बिजनौर-कोतवाली मार्ग में कई किमी तक केवल मिट्टी डालकर छोड़ दी गई है, जिस पर अभी तक पत्थर भी नहीं डाले गए। अब बारिश जलभराव के कारण कीचड़ जमा हो गया। बाइक सवार फिसलकर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
बुधवार को हुई बारिश हुई तो मार्ग में जगह जगह ऐसा दृश्य बन गया जैसे कि किसी किसान ने धान की रोपाई के लिए खेत तैयार किया हो। पानीपत-खटीमा राजमार्ग का बिजनौर से लेकर कोतवाली देहात तक निर्माण कार्य चल रहा है। बिजनौर से कोतवाली देहात तक करीब 22 किमी सड़क का निर्माण होना है, जिसमें से करीब दस किमी में एक लेयर तारकोल डाल दिया गया है। शेष मार्ग बेहद खराब हालत में है। ग्राम शादीपुर से कोतवाली देहात तक आठ किमी मार्ग में कई जगह सड़क अभी कच्ची है। कई स्थानों पर मिट्टी डाल दी गई है।
विनायक कॉलेज तिराहे से शादीपुर तक मिट्टी डाली गई है। बारिश में मिट्टी धंसने से सड़क पर बेहद कीचड़ फैल गई है। कीचड़ युक्त मार्ग पर कई दोपहिया वाहन चालक फिसल कर गिर रहे हैं। बुधवार को हुई बारिश के कारण सड़क पर चलना दूभर हो गया है। लोगों का कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य बेहद सुस्त गति से किया जा रहा है। पिछले करीब 10 महीनों से निर्माण कार्य जारी है, लेकिन बेहद कम सड़क का निर्माण अभी तक हो पाया है।