रेहड़ में गांव रायपुरी बॉर्डर के पास अनियंत्रित ट्रक ने तीर्थयात्रियों की कार में सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में सात तीर्थयात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया।
राजस्थान के जयपुर (कोटपुतली) निवासी मुकेश ने बताया कि पिछले कई वर्षों से तीर्थयात्रियों को धार्मिक स्थलों के दर्शन करना जाता है। इस बार वह नैनीताल भी तीर्थयात्रियों को लेकर गया था। बुधवार को वह हरिद्वार से नैनीताल जा रहे थे। देर होने के कारण वह रात को रायपुरी बॉर्डर स्थित सिंधू ढाबे पर आराम के लिए रुक गए।
सुबह जब वह कार में बैठकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए तो हाइवे पर कार आते ही सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से कार में सवार चालक वसी अहमद सहित मुकेश, राजेश कुमार, बृजेश कुमार, सुंदरलाल, प्रमोद कुमार, दुलीचंद आदि तीर्थयात्री घायल हो गए।
घायलों को राहगीरों की मदद से पीएचसी में भर्ती कराया गया। पीएचसी से गंभीर घायल मुकेश, सुंदरलाल को गंभीर हालत के चलते हॉयर सेंटर रेफर किया है। आरोपी ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।