धामपुर। नेशनल हाईवे 734 पर जा रहे टैंकर में तेज धमाके के बाद तेल रिसाव का शुरू हो गया। टैंकर से पेट्रोल का रिसाव होने जानकारी मिलने पर आसपास के इलाके में अफरा- तफरी मच गई। टैंकर चालक इम्तियाज ने बताया कि शनिवार को वह पेट्रोल से भरा टैंकर रुद्रपुर से लेकर देहरादून की ओर जा रहा था। जहां हाईवे पर साईंगंगा धाम के पास अचानक टैंकर का टायर फट गया। टायर फटने के बाद टैंकर से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। भीषण गर्मी में पेट्रोल रिसाव से आग लगने की आशंका के चलते चालक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने आग से बचाव के लिए पानी का छिड़काव किया। क्षतिग्रस्त टैंकर से दूसरे टैंकर में तेल भरवाकर दोनों टैंकरों को रवाना किया गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। टैंकर के रवाना होने पर दमकल की टीम और आसपास के लोगों ने राहत महसूस की। संवाद