नगीना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगीना में कार्यरत संविदा महिला चिकित्सक आयुष डॉ. मीनाक्षी रस्तोगी पर इंजेक्शन लगाने के नाम पर 200 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई। सीएमओ ने मामले का संज्ञान लेते हुए महिला चिकित्सक को निलंबित कर दिया है। शुक्रवार की दोपहर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में एक महिला रोगी के साथ मौजूद एक युवक अस्पताल में कार्यरत संविदा महिला चिकित्सक (आयुष) डॉ. मीनाक्षी रस्तोगी पर आयरन इंजेक्शन लगाने के नाम पर 200 रुपये की रिश्वत लिए जाने का आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहे थे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने महिला चिकित्सक को निलंबित करते हुए अपने कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही इस प्रकरण में सीएमओ ने तीन सदस्य कमेटी गठित कर सात दिन के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।