बिजनौर। रविवार को जिले में दुबई से आया एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। उसे कोरोना वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। हालांकि उसके अंदर बीमारी का कोई लक्षण नहीं मिला है। उसके परिजनों व संपर्क में आए 35 लोगों के सैंपल जांच को लिए गए हैं। एक अन्य महिला में भी कोरोना की पुष्टि हुई है लेकिन वह नोएडा में रह रही है।
पिछले सप्ताह एक महिला की एंटीजन किट से कोरोना की पुष्टि हुई थी। बाद में आरटीपीसीआर जांच में महिला में कोरोना नहीं पाया गया था। रविवार को आई रिपोर्ट में बिजनौर शहर की एक कॉलोनी निवासी एक महिला और बिजनौर के ही पास के एक गांव के एक व्यक्ति में आरटीपीसीआर जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। हालांकि महिला नोएडा में रह रही है। कोरोना संक्रमित मिला व्यक्ति दुबई से आया था। उसे जिला अस्पताल में बने कोविड वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। हालांकि मरीज के अंदर कोरोना का कोई लक्षण नहीं है और उसकी ऑक्सीजन का लेवल भी 98 आ रहा है। उसके संपर्क में आए 35 लोगों के सैंपल ले लिए गए हैं। अब विभाग को उनकी रिपोर्ट का इंतजार है। संक्रमित मिले व्यक्ति के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग जांच के लिए लखनऊ भेजे जा रहे हैं।
सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल के अनुसार मरीज के अंदर कोरोना का कोई लक्षण नहीं है। स्वास्थ्य की निगरानी के लिए उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। उसके परिजनों की भी आरटीपीसीआर जांच कराई जा रही है।