फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र और केरल से आने वालों की होगी कोरोना जांच

विज्ञापन
विज्ञापन
बिजनौर। महाराष्ट्र, केरल और पंजाब आदि राज्यों से आने वाले लोगों की कोरोना जांच होगी। लक्षयुक्त यात्रियों के जांच में नेगेटिव निकलने पर भी उन्हें एक सप्ताह तक होमक्वारंटीन में रहना होगा। सर्विलांस, क्वारंटीन, जांच और आइसोलेशन के संबंध में प्रदेश के अन्य जिलों के साथ ही बिजनौर के स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है।
विज्ञापन

देश के कई हिस्सों में कोरोना संक्रमण फिर से रफ्तार पकड़ने लगा है। महाराष्ट्र, केरल और पंजाब आदि राज्यों में हालत बिगड़ने लगी है। हालांकि जिले में पिछले करीब दो माह से अधिकांश दिन जीरो ही केस रहे, लगभग 15 दिन पहले ही पांच केस आए थे। वैसे भी जनपद में एक दिन में अधिकतम कोरोना संक्रमित 87 मरीज निकले हैं। अब लगातार पॉजिटिव जांच रिपोर्ट नेगेटिव ही आ रही हैं।
उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि महाराष्ट्र और केरल में कोरोना वायरस के नए केस अधिक संख्या में मिलने लगे हैं। पिछले कई सप्ताह से उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित नए मरीजों की संख्या काफी कम है। ऐसे में कोविड के नए मामलों को रोकने के लिए अधिक संक्रमण वाले प्रदेशों से आने वाले यात्रियों को उचित क्वारंटीन तथा कोविड संक्रमण की जांच कराया जाना अति आवश्यक है, जिससे कोरोना संक्रमण का विस्तार न हो सके। शासन की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि महाराष्ट्र एवं केरल से वायु मार्ग से आने वाले यात्रियों का प्रदेश के एयरपोर्ट पर यात्रियों की रेपिड एंटीजन किट से जांच कराई जाए। लक्षणयुक्त होने पर आरटीपीसीआर का नमूना लेकर जांच की जाए।
विज्ञापन

रेल एवं बस आदि से आने वाले यात्रियों को सूचना संबंधित परिवहनकर्ता से प्राप्त कर निगरानी और टेस्टिंग की कार्रवाई की जाएगी। नगर क्षेत्रों में मोहल्ला निगरानी समिति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम निगरानी समितियां अपने क्षेत्र में इन दोनों राज्यों से आने वाले यात्रियों की स्थिति तथा क्वारंटीन में रहने के नियमों का पालन करने की निगरानी रखेंगी। किसी के लक्षणयुक्त होने या नियमों का पालन न करने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा जिला कंट्रोल रूम को सूचना देंगे।
नेगेटिव आने पर भी एक सप्ताह क्वारंटीन अनिवार्य
सीएमओ विजय कुमार यादव के अनुसार अपर मुख्य सचिव की ओर से जारी निर्देशों के अनुरूप एक्यूट रेस्पिरेटरी इंफेक्शन (आरएई) के रोगियों की सघन निगरानी जरूरी होगी। किसी भी इलाके में अप्रत्याशित वृद्धि होने पर कम्युनिटी सर्विलांस और कोविड जांच करनी होगी। पॉजिटिव निकलने वाले रोगियों को अनिवार्य रूप से होम अथवा फैसिलिटी आइसोलेशन में रखने के निर्देश हैं। लक्षणयुक्त यात्री आरटीपीसीआर जांच में नेगेटिव पाए जाने पर भी एक सप्ताह तक क्वारंटीन में रहेंगे।
सभी पीएचसी, सीएचसी को किया अलर्ट
सीएमओ ने बताया कि महाराष्ट्र, केरल और पंजाब से आने वाले यात्रियों को लेकर सतर्कता संबंधी शासन के निर्देश प्राप्त हुए हैं। सर्विलांस क्वारंटीन, जांच एवं आइसोलेशन को लेकर जारी दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा। इसके लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्साधीक्षकों को अलर्ट कर दिया गया है।
निजी वाहनों से आने वालों की कैसे होगी जांच
देश के विभिन्न हिस्सों में बढ़ते कोरोना संक्रमित मामलों को लेकर शासन ने गाइडलाइन जारी करते हुए स्वास्थ्य महकमे को महाराष्ट्र, केरल,पंजाब आदि राज्यों से जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले लोगों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में सवाल ये है कि जो लोग अपने निजी वाहनों से इन प्रदेशों से आएंगे तो उनका जिला प्रशासन को कैसे पता चलेगा। हालांकि गाइडलाइन में सड़क, रेल और हवाई मार्ग के परिवहनकर्ताओं को ही प्रत्येक यात्री की डिटेल स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें