एटीएम खोल रहे नशेड़ी को लोगों ने दबोचा
बिजनौर। भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में मशीन खोलकर चोरी का प्रयास कर रहे एक नशेड़ी युवक को लोगों ने दबोच लिया। जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी ने एटीएम बूथ में काफी तोड़फोड़ कर दी थी। उसके पास से पेचकस और पिलास बरामद हुआ है।
बिजनौर शहर में रामलीला ग्राउंड के पास एसबीआई का एटीएम है। रविवार रात करीब 11 बजे कुछ लोग वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने देखा कि एक युवक एटीएम में घुसा हुआ है और मशीन तोड़ रहा है। लोगों ने उसे पकड़ लिया। पहले आरोपी ने बताया कि वह मशीन ठीक करने आया है, लेकिन लोग उसकी हरकत को भांप गए। आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी नशे की हालत में था। उसके पास से पेचकस और पिलास मिला है। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम इमरान बताया है। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि बैंक की ओर से तहरीर मिल गई है। मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।