विवेक कॉलेज की छात्रा बनीं पीसीएस अधिकारी
बिजनौर। विवेक कॉलेज की छात्रा हिमानी राणा का चयन यूपी पीसीएस परीक्षा 2018 में डिस्ट्रिक्ट आडिट आफिसर के पद पर हुआ। हिमानी ने अपने प्रथम प्रयास में ही 17वीं रैंक हासिल कर यह सफलता पाई। उन्होंने 2013-14 में विवेक कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए की परीक्षा में कॉलेज टॉप किया। 2017-18 में विवेक कॉलेज ऑफ लॉ से एलएलबी की परीक्षा 64 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। उनकी परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी रहा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विवेक कॉलेज के शैक्षिक वातावरण, शिक्षकों के प्रेरणात्मक एवं स्नेही व्यवहार और प्रबंधतंत्र को दिया। महाविद्यालय के चेयरमैन अमित गोयल, सचिव दीपक मित्तल, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र अग्रवाल, प्राचार्य राजीव चौधरी एवं अन्य शिक्षकों ने हिमानी राणा एवं उनके माता-पिता को बधाई दी।