नहटौर में एक बैकेंट हॉल में डीसीओ से वार्ता करते गन्ना मंत्री सुरेश राणा।
- फोटो : BIJNOR
‘समय सीमा के अंदर करें गन्ना भुगतान’
बिजनौर। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने गन्ना भुगतान समय से न करने वाली बिलाई, बिजनौर, चांदपुर व बरकातपुर चीनी मिलों के अफसरों को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि हर हाल में भुगतान को 14 दिन की समयसीमा के अंदर लाएं। भुगतान न करने वाली चीनी मिलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नहटौर में एक शादी समारोह में शामिल होने आए गन्ना राज्यमंत्री ने बैंक्वेट हॉल में ही मिल के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित के लिए दिन रात काम कर रही है। पिछली सरकारों का कई सालों से अटका हुआ भुगतान भी भाजपा सरकार ने ही कराया है। कहा कि चीनी के अन्य विकल्पों जैसे बी हैवी मोजलाइसिस शीरा आदि बनाने के बारे में भी प्रदेश सरकार चीनी मिलों का सहयोग कर रही है। कहा कि चीनी मिलों को समय से भुगतान करने के लिए प्रदेश सरकार पूरी सहायता कर रही है। पिछले साल मिलों को सॉफ्ट लोन भी दिलाया गया था। भुगतान के लिए किसानों को परेशान न होना पड़े। कहा कि भुगतान में पिछड़ी चीनी मिलों की चीनी बिक्री का कोटा बढ़ाया गया है ताकि धन अर्जित करने में मिलों को परेशानी न उठानी पड़े। चीनी बेचकर मिलें जल्द से जल्द किसानों को भुगतान दें। कहा कि चीनी मिलें अपने अपने क्षेत्र में गांवों को भी गोद लें। गांवों में सामाजिक कार्य कराएं। प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, तालाबों के सौंदर्यकरण कराने में मिलें सहयोग दें। किसानों को भुगतान के साथ साथ गांवों को चमकाने में भी मिलें अहम भूमिका निभाएं। गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह से पेराई, चीनी रिकॉर्ड आदि की जानकारी ली। बैठक में विधायक ओमकुमार, सीपी सिंह, प्रमोद चौहान आदि भाजपाई व मिल अफसर मौजूद रहे।