घर बैठे ही जानकारी ले सकेंगे मरीज, जारी होगा टोल फ्री नंबर
अमन कुमार शर्मा
बिजनौर। हेलो...ये जिला अस्पताल की हेल्प डेस्क है। यह शब्द टोल फ्री नंबर पर कॉल करने पर सुनने को मिलेंगे। जी हां, जिला अस्पताल का जल्द ही टोल फ्री नंबर जारी होने जा रहा है। जिस पर कॉल कर मरीज यह जान सकेंगे कि आज अस्पताल में डॉक्टर मौजूद है या नहीं, या फिर कोई तीमारदार या रिश्तेदार अस्पताल मेें भर्ती मरीज का हाल चाल भी जान सकेगा। अन्य किसी दिक्कत में सीधे अस्पताल तक दौड़ लगानी भी नहीं पड़ेगी।
तकनीकी के बढ़ते उपयोग ने लोगों की जिंदगी आसान बना दी है। सरकार भी विभागों को कंप्यूटराइज्ड करने पर जोर दे रही है। ज्यादातर विभागों में काम पेपरलेश भी हो गया है। इसी कड़ी में अब जिला अस्पताल में तकनीकी का प्रयोग धीरे बढ़-बढ़ रहा है। जल्द ही जिला अस्पताल कंप्यूटराइज्ड होने जा रहा है। इससे पहले जिला अस्पताल की हेल्प डेस्क पर एक टेलीफोन लगेगा। जिसके बाद जल्द ही जिला अस्पताल के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी होगा। जिससे कोई भी अस्पताल के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकता है। अब मरीजों को अस्पताल में आकर भटकना नहीं पड़ेगा। टोल फ्री नंबर के लिए जिला अस्पताल के अधिकारियों ने बीएसएनएल ऑफिस में प्रस्ताव भेज दिया है। जल्द ही जिला अस्पताल का टोल फ्री नंबर जारी हो जाएगा। (संवाद)
दोपहर दो बजे तक चालू रहेगा टोल फ्री नंबर
जिला अस्पताल की हेल्प डेस्क पर लगने वाला टेलीफोन सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक उपलब्ध रहेगा। अस्पताल से जुड़ी जानकारी दो बजे तक प्राप्त की जा सकती है। अब मरीजों को अस्पताल आकर परेशान नहीं होना पड़ेगा। टोल फ्री नंबर डायल करके चिकित्सक है या नहीं इसकी जानकारी ले सकते हैं। अगर चिकित्सक नहीं है तो अस्पताल में आकर परेशान नहीं होना पड़ेगा।
इमरजेंसी में भी लगा है एक टेलीफोन
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भी एक टेलीफोन लगा है। जिसके माध्यम से मरीजों और चिकित्सक की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे पहले कुछ समय के लिए इमरजेंसी में लगा टेलीफोन बंद हो गया था। मगर अब फिर से इमरजेंसी में फोन घन-घनाने लगे हैं। इमरजेंसी में लगे टेलीफोन का नंबर 01342-262220 है।
अस्पताल के लिए टोल फ्री नंबर जारी करने की तैयारी की जा रही है। इस महीने के अंत तक बीएसएनएल से टोल फ्री नंबर मिल जाएगा। टोल फ्री नंबर की सुविधा मरीजों के लिए की जा रही है - डॉ. अरुण कुमार पांडेय, सीएमएस