- रेलवे अधिकारियों ने शुरू की तैयारी, जल्द होगी स्थापित
- अंबाला मंडल ने वाणिज्य विभाग के अधिकारियों से मांगा था प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ए श्रेणी के रेलवे स्टेशन पर जल्द ही एटीएम की सुविधा भी मिल सकेगी। इसको लेकर रेलवे के अफसरों ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस मशीन को रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटरों के पास स्थापित किया जा सकता है। पूर्व में इसके लिए अंबाला मंडल के अधिकारियों ने प्रस्ताव मांगा था।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन से अप-डाउन में करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है। स्टेशन पर एक भी एटीएम नहीं होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। देर रात ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को रुपये निकलवाने के लिए रोडवेज बस अड्डे से आगे घंटाघर की तरफ जाना पड़ता है। इस दौरान कई बार यात्रियों की ट्रेन भी छूट जाती है। दरअसल, पहले रेलवे स्टेशन परिसर में राष्ट्रीय बैंक का एटीएम होता था, जिस पर किराया अधिक हो गया था। रिमाइंडर देने के बाद भी जब बैंक ने किराया जमा नहीं किया तो रेलवे ने एटीएम को सील लगा दी थी। तब से अब तक रेलवे स्टेशन पर किसी भी बैंक शाखा का कोई एटीएम नहीं है। अब रेलवे ने दोबारा से एटीएम खोलने की योजना बनाई है। इसके लिए पूर्व में प्रस्ताव भी मांगा गया था। उम्मीद है कि जल्द ही रेलवे स्टेशन पर एटीएम नजर आएगा। इससे रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही रेलवे का भी राजस्व बढ़ेगा।
वर्जन
सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। अमृतसर भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर काम चल रहा है, जो जल्द पूरा हो जाएगा। अब बैंक एटीएम खोलने की भी तैयारी चल रही है। यह सुविधा भी जल्द मिलने लगेगी।
-मनदीप सिंह भाटिया, डीआरएम, अंबाला मंडल