बिजनौर, कालागढ़। केंद्रीय कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के निकट स्रोत में लगातार बाघ के दिखाई देने से लोगों में दहशत व्याप्त है। वन विभाग की उदासीनता के चलते मार्ग पर कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है।
कालागढ़ के मुख्य मार्ग पर वन्यजीवों का विचारण यूं तो कोई नई बात नहीं है परंतु केंद्रीय कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के निकट स्रोत में लगातार बाघ का विचरण हो रहा है। सोमवार की सुबह लगभग 6:45 बजे नई कॉलोनी की ओर से आ रहे राहगीरों की निगाह जैसे ही स्रोत में मौजूद बाघ पर पड़ी तो वे घबरा गए। मार्ग से होकर गुजर रही बुग्गी चालक गिरीश का कहना है कि बाघ से जहां आम आदमी को खतरा है वहीं उसकी बुग्गी में बंधे भैंसें की जान को भी खतरा पैदा हो गया।
सेन्ट मेरीस स्कूल को जाने वाली शिक्षकों सीमा चौहान, सुजाता शर्मा, तुषिका शर्मा, शगुफ्ता यास्मीन आदि भयभीत हो गए। इस क्षेत्र में बाघ का दिखाई देना लगातार बढ़ता जा रहा है। गत सप्ताह चुनावी उड़नदस्ते की चेकिंग के दौरान रात्रि में बाघ टीम के सामने आ गया था। जिसे वन विभाग ने मुश्किल से जंगल में खदेड़ा था।
लगातार यहां बाघ की उपस्थिति से लोगों में दहशत बनी हुई है। उधर, वन क्षेत्र अधिकारी नंदकिशोर रूवाली का कहना है कि गश्ती दल को लगातार सतर्क किया जा रहा है। यह इलाका वन्यजीवों का विचरण का क्षेत्र है। यहां से गुजरते समय सावधानी बरतना जरूरी है।