अलियारपुर के पास गुलदार दिखने से दहशत
अफजलगढ़। गांव अलियारपुर कॉलोनी के आसपास व खेतों में गुलदार का आतंक छाया हुआ है। बृहस्पतिवार शाम गुलदार ने चारा लेने गए आधा दर्जन किसानों को दौड़ा लिया। सूचना देने के बाद भी वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
अलियारपुर कालोनीवासी ब्रह्मपाल सिंह ने बताया वह बृहस्पतिवार की शाम अपने चार पांच साथियों के साथ खेत से चारा लेने गए थे। अचानक उनकी निगाह खेत में खड़े गुलदार पर पड़ी। ग्रामीण ब्रह्मपाल सिंह, मनी, राजेन्द्र सिंह, ध्यान सिंह, राजवीर सिंह, संजय, दिनेश सिंह, हरीओम तथा विजयपाल सिंह आदि का कहना है कि यहां गुलदार रोजाना नजर आ रहा है। ग्रामीण खेतों पर जाने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अनेक बार वन विभाग के कर्मचारियों को इसकी बारे में सूचना दी, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने वन विभाग की कार्यप्रणाली से क्षुब्ध होकर विरोध प्रदर्शन करते हुए उच्च अधिकारियों से गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने की मांग की है।