हल्दौर क्षेत्र के गांव चांदा नंगली के जंगल में घूमते गुलदार। स्रोत वीडियो ग्रैब
हल्दौर। गांव चांदा नंगली के जंगलों में करीब पांच गुलदारों की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों व राहगीरों में दहशत बनी हुई है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के महमूदपुर निवासी शुभम बृहस्पतिवार की रात कार में सवार होकर नांगलजट से अपने घर जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार गांव चांदा नंगली के पास स्थित नांगलजट मार्ग पर स्थित नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र के पास गांव के ही धर्मेंद्र कुमार राणा के खेतों में एक साथ पांच गुलदार दिखाई देने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से जंगल में चार से पांच गुलदारों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। ग्रामीणों द्वारा जंगल में गुलदारों की मौजूदगी का एक वीडियो भी बनाया गया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगवाकर गुलदार पकड़वाने की मांग की है। वन रेंजर महेश गौतम ने बताया कि वीडियो के आधार पर मादा गुलदार व तीन शावक है, उन्होंने गांव में पिंजरा लगवाने की बात कही है।