ढकिया में गुलदार के दिखने से मची भगदड़
रेहड़(बिजनौर)। गांव ढकिया में गन्ने के खेत में गुलदार दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के पकड़ने की मांग की है।
रेहड़ क्षेत्र में भी अब गुलदार नजर आने लगा है। रविवार को बादशाहपुर में गुलदार का जोड़ा दिखाई देने से ग्रामीण दहशत फैल गई। गांव निवासी गुरमीत, दिलीप, कुलदीप, सतनाम, नारायण, बूटा सिंह का कहना है कि सोमवार सुबह कुछ किसान खेतों में काम करने जा रहे थे। तभी गन्ने के खेतों के पास एक गुलदार दिखायी दिया। गुलदार को देख खेतों में काम करने जा रहे लोगों में हड़कंप मच गया। लोग शोर मचाते हुए वहां से भागे। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार गन्ने के खेत में जा छुपा। कई दिन पहले भी यहां गुलदार देखा गया था। गुलदार ने रात में एक आवारा कुत्ते को निवाला बनाया। गुलदार के डर से महिला एवं बच्चे खेतों पर नहीं जा रहे हैं। आरोप है कि इस संबंध में वह कई बार वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़कर वन क्षेत्र में छुड़वाने की मांग की है। गुलदार की आमद को देखते हुए वह अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। उधर वन दरोगा श्यामलाल यादव ने मौके पर टीम भेजकर गुलदार को पकड़वाने का भरोसा दिया है।