नजीबाबाद- गांव रतनपुर में गुलदार देखे जाने पर कांबिंग के लिए पहुंचे वनकर्मी।
नजीबाबाद। किसानों का गांव रतनपुर में गुलदारों से आमना-सामना हो गया। ग्रामीणों ने गुलदारों को झाड़ियों में कई घंटे तक घेरा। वन विभाग की टीम पिंजरा लगाने के लिए गांव में पहुंची।
तहसील के गांव रतनपुर निवासी किसान कर्मेंद्र सिंह और उनके संबंधी रजत कुमार शुक्रवार की देर शाम खेत पर काम कर वापस लौट रहे थे। उसी दौरान अचानक 20 मीटर के फासले पर दो गुलदार दिखाई दिए। गांव के निकट गुलदार होने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। कर्मेंद्र, रजत, विनीत, अनिल, समर सिंह, अजय पाल सहित ग्रामीणों ने गुलदारों को घेरा तो आसपास खड़ी झाड़ियों में दोनों गुलदार छिप गए।
ग्रामीणों की सूचना पर सामाजिक वानिकी बिजनौर और नजीबाबाद टीम घटनास्थल पर पहुंची। डिप्टी रेंजर हर गोबिंद सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण और वन विभाग की टीम ने रात्रि करीब 10 बजे तक गुलदारों को घेरे रखा, लेकिन पता नहीं चला। डिप्टी रेंजर हरगोविंद सिंह ने ग्रामीणों को शनिवार को क्षेत्र में पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया है। चार दिन पूर्व घटनास्थल के निकट गुलदार का एक नवजात शावक मिला था। वन विभाग की टीम ग्रामीणों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची थी। टीम ने शावक को खेत में ही छोड़ दिया। देर रात मादा गुलदार शावक को ले गई।
वन विभाग की टीम ने कोतवाली देहात के गांव गढ़ीवान में हाल ही में हुई गुलदार के हमले के बाद शनिवार को पिंजरा लगा दिया। वन विभाग की टीम गांव रतनपुर में भी पिंजरा लगाने की व्यवस्था कर रही है।
नजीबाबाद- गांव रतनपुर में गुलदार देखे जाने पर कांबिंग के लिए पहुंचे वनकर्मी।