बिजनौर, नगीना। नगीना पार्क में ठेकेदार की लापरवाही के चलते ईद के दिन पैंडल नाव के पानी में डूबने से कई बच्चों की जान बाल- बाल बचने की हुई घटना के बाद हरकत में आए पालिका प्रशासन ने पार्क का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से नगीना- रायपुर मार्ग पर एक तालाब का सुंदरीकरण कराकर उसे नगीना पार्क के रुप में विकसित किया गया था। पालिका प्रशासन द्वारा नगीना पार्क में बच्चों के लिए तमाम मनोरंजन के साधन चलाने का ठेका शहजाद नामक व्यक्ति को दिया था। 20 सितंबर 23 को नगीना पार्क में बच्चों से भरी पैंडल नाव के पानी में डूबने से पालिका प्रशासन की खूब किरकिरी हुई थी , लेकिन उस समय पालिका प्रशासन द्वारा ठेकेदार को अभयदान दे दिया गया था। अब ईद के मौके पर बच्चों से भरी पैंडल नाव के पानी में डूबने से बच्चों की जान बामुश्किल बचने की हुई घटना के बाद पालिका प्रशासन ने ठेकेदार को घटना का दोषी मानते हुए उसका ठेका निरस्त कर दिया। पालिका के अधिशासी अधिकारी संदीप सक्सेना का कहना है कि ठेका निरस्त होने का नोटिस पार्क की दीवार पर चस्पा भी करा दिया गया है।