पंचों ने हड़प लिए जुर्माने में मिले चार लाख रुपये
नहटौर। प्रेम प्रसंग के चलते गांव की युवती से शादी करने पर पंचों ने युवक के परिवार पर चार लाख रुपये के जुर्माने और दो साल तक युवक-युवती के गांव में नहीं आने की सजा सुनाई थी। परिवार से जुर्माने की रकम भी वसूल ली। आरोप है कि यह रकम पंचों ने हड़प ली। युवती ने उच्चधिकारियों से पंचों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उसके ससुर से वसूली गई चार लाख रुपये की रकम वापस दिलाए जाने की मांग की है।
गांव मिर्जापुर निवासी अरशद अली की पुत्री रुखसार बानो ने एसपी सहित उच्चधिकारियों से की शिकायत में कहा है कि उसने अपनी मर्जी से गांव के ही समूद अहमद से निकाह व कोर्ट मैरिज की। गांव के कुछ लोगों ने उसके पति सहित ससुराल वालों को परेशान करना शुरू कर दिया। ग्राम प्रधान मोहम्मद दानिश सहित कई लोगों ने गांव में पंचायत की। इस पंचायत को देखने के लिए आसपास के ग्राम प्रधान व लोग भी पहुंचे। करीब पचास लोगों के बीच पंचों ने युवक-युवती को दो साल तक गांव नहीं आने व युवक के परिवार वालों पर चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया। रकम वसूलने के बाद ही परिवार को छोड़ा गया। पंचों ने वसूली गई रकम को युवती पक्ष को भी नहीं दिया। ग्राम प्रधान मोहम्मद दानिश का कहना है कि युवक-युवती पक्ष में पहले कुछ विवाद हो गया था। उसका निपटारा करा दिया था। बाद में युवती ने युवक के साथ निकाह कर लिया। पंचायत उनके सामने हुई, लेकिन रुपये किसके पास है, उन्हें यह पता नहीं हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम का कहना कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।