धामपुर। ग्राम पंचायत सचिवों का सरकार के खिलाफ ऑनलाइन हाजिरी के खिलाफ चल रहा आंदोलन बुधवार को दसवें दिन भी जारी रहा। बुधवार को आंदोलन के दौरान पंचायत सचिव विरोध स्वरुप साइकिलों पर सवार होकर ब्लाक कार्यालय पहुंचे। साइकिलों से ही कार्यों के लिए अपने अपने क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। ब्लाॅक अध्यक्ष हिमांशु चौहान ने कहा कि सरकार ऑनलाइन उपस्थिति का आदेश लागू कर उत्पीड़न करने पर तुली है। पंचायत सचिव अब सरकारी कार्यों के लिए अपने निजी वाहनों को प्रयोग नहीं करेंगे। सरकार उन्हें निज वाहनों के लिए कोई भत्ता आदि नहीं देती। मांग पूरी न होने पर आगामी 15 दिसंबर को जिला मुख्यालय पहुंचकर डोंगल जमा कर प्रदर्शन किया जाएगा। कहा कि सरकार पंचायत सचिव का कार्य फील्ड का होता है। लेकिन सरकार आनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने का अनुचित दबाव बना रही है। इसके अलावा सचिवों से दूसरे विभागों को कार्य करवाकर शोषण किया जा रहा है। विरोध जताने वालों में सहदेव, त्रिवेंद्र चौहान, योगराज सिंह, सौरभ कुमार, नसीम अहमद, कृपाल सिंह आदि रहे।