अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची टीम का विरोध
धामपुर। अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर के अधिकारी सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए बुलडोजर लेकर पहुंचे। लोगों ने कार्रवाई का विरोध कर दिया। जिस कारण अधिकारियों को बैरंग लौटना पड़ा। भूमि को कब्जामुक्त नहीं कराया जा सका।
अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर के अधिकारी शुक्रवार को एसडीएम तिराहे के पास नूरपुर मार्ग स्थित सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए बुलडोजर लेकर पहुंचे। लोगों ने टीक की कार्रवाई कर विरोध कर दिया। लोगों का कहना है कि जहां पर उनकी दुकान है वह जमीन सिंचाई विभाग से किराए पर ले रखी है। जिसे लेकर उनका कोर्ट में विवाद चल रहा है। उन्होंने जमीन पर अपना हक जताते हुए न्याय की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनका कोर्ट में विवाद चल रहा है । इसलिए वह कब्जा नहीं हटाएंगे। लोगों के विरोध के चलते सिंचाई विभाग की टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
उधर, अधिकारियों का कहना है कि अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर की ओर से विभाग की सरकारी जमीन की चारदीवारी कर नाला निर्माण कराया जा रहा है। एसडीएम तिराहे के पास नूरपुर मार्ग स्थित सरकारी जमीन पर कुछ लोगों के कब्जे होने से नाला निर्माण एक साल से लटका है। जमीन सिंचाई विभाग की है। अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट करा कर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
अवर अभियंता भानु प्रताप सिंह का कहना है कि सरकारी जमीन को जल्द ही कब्जा मुक्त कराया जाएगा। जो अवरोध पैदा कर रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।