सीएए पर विपक्ष फैला रहा भ्रम : पद्म सिंह
नजीबाबाद। भारत की संस्कृति वसुधैव कुटुंबकम की है। सर्वधर्म संभव की भावना हमारी रगों में बसी है। सीएए के नाम पर विपक्षी दल एक समुदाय विशेेष के लोगों को भ्रम में डाल रहे हैं। आरएसएस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पद्म सिंह ने यह बात कही।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख ने मीडिया से मुलाकात में कहा कि सीएए के नाम पर एक धर्म विशेष के लोगों को गुमराह कर विपक्ष के लोगों ने देश की एकता और अखंडता को तोड़ने का दुर्भाग्यपूर्ण प्रयास किया है। डॉ. राजीव अरोड़ा के आवास पर आरएसएस प्रचार प्रमुख ने कहा कि आजादी के समय महात्मा गांधी ने कहा था कि यदि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक को असुविधा होती है तो वह भारत में आकर रह सकता है। सरकार ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बंगलादेश में प्रताड़ित हो रहे अल्पसंख्यकों को भारत में नागरिकता देने के लिए सीएए पास किया है। उन्होंने कहा कि देश अच्छी दिशा में बढ़ रहा है। हर वर्ग संतुष्ट है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं था जिसके कारण सीएए को दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से दुष्प्रचारित एक धर्म विशेष के लोगों को विरोध आंदोलन के लिए उकसाया। सीएए के विरोध में जेएनयू, एएमयू, जामिया के विद्यार्थियों को हथियार बनाया। पद्म सिंह का नजीबाबाद पहुंचने पर डॉ. राजीव अरोड़ा के आवास पर वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव अग्रवाल, आकाश कर्णवाल ने स्वागत किया।