- कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जनपद में गुलदार से निजात दिलाने की मांग को लेकर विपक्षी राजनीतिक दल रालोद, सपा, कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर धरना दिया। धरने पर वक्ताओं ने कहा कि जनपद में गुलदार का आतंक मचा हुआ है। गुलदार के हमले से अब तक 13 इंसानों की जान चली गई। सभी ने डीएम से मुलाकात की और उन्हें अपने हस्ताक्षर कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
सभी विपक्षी दलों के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। आंदोलित कार्यकर्ता गुलदार से निजात दिलाने के साथ विपक्ष की पार्टियों का बना संगठन इंडिया जिंदाबाद के भी नारे लगा रहे थे। इस मौके पर राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष नागेंद्र पंवार, सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि जनपद में गुलदार की समस्या गंभीर बनी हुई है। आए दिन गुलदार हमला करके इंसानों की जान ले रहा है। किसानों, मजदूरों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। खेती करने व पशुचारा लेने जाने के लिए किसान डर रहे हैं।
इस गुलदार के आतंक से बिजनौर जनपद को जल्द से जल्द निजात दिलाई जाए। कांग्रेस नेता मुनीश त्यागी व शहर अध्यक्ष मीनू गोयल ने भी जिले को गुलदार के आतंक से मुक्त कराने की मांग की। सभी राजनैतिक दलों के नेताओं ने जनपद वासियों को गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। धरने पर कांग्रेस नेता सुधीर पाराशर, नेता डॉ. रमेश तोमर, अशोक चौधरी, पूनम चौधरी, शमशाद अंसारी, मुन्ना लाल प्रेमी, अखलाक पप्पू, नजाकत अल्वी, अब्दुल समद, नसीम अहमद, सरदार बुद्धसिंह, वीर सिंह पहलवान आदि उपस्थित रहे।