नजीबाबाद। नजीबाबाद से गजरौला और सहारनपुर से मुरादाबाद के बीच पैसेंजर ट्रेन का संचालन एक जुलाई से शुरू होगा। उधर रेलवे नजीबाबाद से गुजरने वाली एक साप्ताहिक सहित दो स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन नौ जुलाई से शुरू करेगा।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से प्रभावित ट्रेनों का संचालन रेलवे धीरे-धीरे शुरू कर रहा है। सहारनपुर से मुरादाबाद के बीच और नजीबाबाद से गजरौला के बीच चलने वाली स्पेशल पैसेंजर ट्रेन का संचालन रेलवे ने एक जुलाई शुरू होगा। मुरादाबाद से सहारनपुर वाया नजीबाबाद चलने वाली नियमित स्पेशल पैसेंजर ट्रेन 04301 अप और 04302 डाउन के लिए यात्रियों को मेल ट्रेन का किराया अदा करना होगा। प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने ट्रेनों के संचालन के संबंध में क्षेत्रीय स्टेशनों को अवगत कराया है।
सीएमआई आरके सिंह और एसएस जयपाल सिंह के अनुसार नजीबाबाद से गजरौला के बीच स्पेशल पैसेंजर ट्रेन 04334 डाउन और 04333 अप एक जुलाई से संचालित होंगी। रेलवे ने फिलहाल इस ट्रेन को गजरौला तक ही सीमित रखा है। पहले ट्रेन मुरादाबाद तक संचालित होती थीं।
इसके अतिरिक्त रेलवे अमृतसर से लालकुआं के बीच नजीबाबाद स्टेशन से गुजरने वाली साप्ताहिक ट्रेन चलाएगा। अमृतसर दिशा से ट्रेन रविवार को और लालकुआं दिशा से ट्रेन शनिवार को नजीबाबाद स्टेशन से गुजरेगी। 10 जुलाई से शुरू होने वाली अमृतसर लालकुआं स्पेशल ट्रेन 04684 डाउन अमृतसर से प्रात: 5:55 बजे रवाना होकर रविवार को दोपहर 3:11 बजे नजीबाबाद स्टेशन होते हुए रात्रि 8:55 बजे लालकुआं पहुंचेगी। लालकुआं से स्पेशल ट्रेन 04683 अप रात्रि 11:45 बजे ट्रेन अगले दिन सवेरे 4:23 बजे नजीबाबाद से होते हुए अमृतसर के लिए रवाना होगी।
रेलवे ने बरौनी से अंबाला के बीच सप्ताह में दो दिन स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। नौ जुलाई को बरौनी से शुरू होने वाली स्पेशल ट्रेन 04534 डाउन नजीबाबाद स्टेशन से प्रत्येक शुक्रवार और मंगलवार को गुजरेगी। अंबाला दिशा से बरौनी जाने वाली स्पेशल ट्रेन के नजीबाबाद से गुजरने के दिन बुधवार और रविवार होंगे। बरौनी से 04533 अप प्रात: 5:02 बजे चलकर अगले दिन प्रात: 4:18 बजे नजीबाबाद पहुंचेगी।