नये पैटर्न की जानकारी देने के लिए मात्र 20 दिन का समय
बिजनौर। जिले के यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट परीक्षा के छात्रों को टिप्स देने के लिए मात्र 20 दिन का समय बचा है। बोर्ड के विद्यालयों को नए पैटर्न के अनुसार पेपर हल कराने के निर्देश दिए हैं।
डीआईओएस ने प्री-बोर्ड पेपर समय से कराकर दफ्तर को सूचित करने को कहा है। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रस्तावित हैं। शासन के बोर्ड परीक्षा से पहले प्री-बोर्ड परीक्षा कराने के निर्देश हैं। प्री बोर्ड में बदले एनसीईआरटी पाठ्यक्रम में नए पैटर्न से पेपर होने हैं। इससे छात्रों को पेपर हल करने के तरीके के जानकारी होगी। बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए तय तिथि से दस दिन पहले प्रीपेशन लीव की परिपाटी है। इस प्रकार माध्यमिक विद्यालयों में बोर्ड छात्रों को परीक्षा टिप्स देने के लिए मात्र 20 दिन का समय बचा है। छात्रों को बचे समय में ही सभी विषयों के बारे में अभ्यास कराना है। डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार विद्यालयों को इसी माह प्री बोर्ड कराने हैं। इसके बाद छात्रों की प्री बोर्ड परीक्षा की समस्याओं को वन टू वन दूर करना है। विद्यालय प्री बोर्ड कराने में कोताही न बरतें। समय से प्री बोर्ड कराकर डीआईओएस दफ्तर को सूचित करें।
बोर्ड की वेबसाइट पेपर अपलोड न होने से परेशानी
डीआईओएस प्रतिनिधि निशांत कुमार यादव ने बताया कि विद्यालयों में प्री बोर्ड परीक्षा शुरू हो गई हैं। इस बारे में विद्यालयों से रिपोर्ट आ रही हैं। नये पैटर्न के सैंपल पेपर कराए जा रहे हैं। नोडल अधिकारी कालेज में जाकर छात्रों से फीडबैक ले रहे हैं। उधर, छात्रों की शिकायत है कि बोर्ड द्वारा सभी विषयों के सैंपल पेपर बोर्ड की वेबसाइट पर नहीं अपलोड किए गए हैं। इंटरमीडिएट के फिजिक्स, गणित, अंग्रेजी, केमिस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण विषयों के सैंपल पेपर अवश्य अपलोड होने चाहिए। इससे छात्रों को नये पैटर्न की जानकारी हो सकेगी। यादव के मुताबिक इन विषयों के शिक्षकों से अपने स्तर से सैंपल पेपर के सैट तैयार करने को कहा गया है।