नजीबाबाद। कोरोना संक्रमण को रोकने और स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा के लिए ऑनलाइन चिकित्सा सेवा प्रभावी की जाएगी। शासन से भेजे गए राज्य नोडल अधिकारी ने सीएचसी समीपुर में कोरोना संक्रमण से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान इस संबंध में चिकित्सकों को निर्देश दिए।
जनपद बिजनौर के लिए कोरोना संक्रमण को रोकने और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए शासन द्वारा तैनात किए गए राज्य नोडल अधिकारी योगेश कुमार ने एसडीएम परमानंद झा, डिप्टी सीएमओ डा.पीआर नायर, डा.फैज हैदर के साथ सीएचसी समीपुर का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी ने डिप्टी सीएमओ और चिकित्सकों से कोरोना संक्रमितों के इलाज और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी की।
उन्होंने संक्रमित मरीजों और चिकित्सकों के बीच बेहतर इलाज व्यवस्था और स्वास्थ्य टीम को संक्रमण से स्वस्थ रखने के लिए ऑनलाइन चिकित्सा सेवा को तत्काल प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया उन्हीं संक्रमितों को घर पर रहकर इलाज की अनुमति दी जाए, जिनके पास परिवार से पृथक कमरा, टॉयलेट, थर्मल स्क्रीनिंग मशीन तथा गाइड लाइन के अनुसार अन्य सुविधाएं हों। उन्होंने एसडीएम, डा.पीआर नायर, डा.फैज हैदर, डा.राजेश वर्मा, डा.शील, वैक्सीनेशन से संबंधित प्रदीप रावत, मोनिका पाल से संक्रमितों के इलाज और वैक्सीनेशन को प्रभावी बनाने पर चर्चा की। नोडल अधिकारी ने थर्मल स्क्रीनिंग मशीन की गुणवत्ता परखी तथा उच्च गुणवत्ता के स्वास्थ्य उपकरणों को प्रयोग करने के निर्देश दिए।
जिले भर में टैबलेट और की-बोर्ड का होगा इस्तेमाल
नजीबाबाद। जिले के सभी 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को टैबलेट तथा ऑनलाइन चिकित्सा सुविधा से शीघ्र जोड़ा जाएगा। नोडल अधिकारी योगेश कुमार ने संक्रमण रोकने की समीक्षा चर्चा में संक्रमितों से उनके घर से संवाद के लिए ऑनलाइन वीडियो चिकित्सा व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए अस्पतालों में टैबलेट, की-बोर्ड आदि के प्रयोग को तत्काल व्यवहार में लाने को कहा।