बिजनौर। जिले के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में अगस्त 2026 से शुरू होने वाले प्रशिक्षण सत्र के लिए ऑनलाइन प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 अगस्त तक कर दी गई है। जो इच्छुक छात्र आईटीआई में दाखिले को आवेदन करने से रह गए थे। वह अब समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जनपद में संचालित पांच राजकीय और 22 निजी आईटीआई संस्थानों की विभिन्न एक वर्षीय एवं दो वर्षीय ट्रेडों में कुल 5272 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। जिले में बिजनौर, अफजलगढ़, नगीना, नजीबाबाद, हल्दौर और धामपुर में राजकीय आईटीआई संचालित हैं। इसके अलावा 22 निजी संस्थानों में भी विभिन्न ट्रेडों में दाखिले होंगे। बताया कि आठवीं अथवा दसवीं उत्तीर्ण और न्यूनतम 14 वर्ष आयु पूरी कर चुके अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं। सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए 250 रुपये तथा सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन हो रही है। प्रधानाचार्य ने बताया कि बिजनौर, नगीना और नजीबाबाद स्थित तीन राजकीय आईटीआई में टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से संचालित आधुनिक ट्रेडों में भी इसी प्रवेश प्रक्रिया के तहत आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि किसी विद्यार्थी को प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त करनी है, तो वह अभ्यर्थी राजकीय आईटीआई बिजनौर के प्रधान सहायक राकेश शर्मा से मोबाइल नंबर 9897638638 पर संपर्क कर सकते हैं।