मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और मौका
नगीना/रेहड़। पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है। सोमवार की दोपहर अपने कार्यालय में एसडीएम घनश्याम वर्मा व सीओ राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि मतदाता सूची में जिन लोगों का नाम छूट गया है, उन्हें 24 फरवरी से दो मार्च तक अपना नाम शामिल कराने का एक और अवसर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि राजस्व कर्मियों तथा थाना प्रभारी निरीक्षक द्वारा सभी मतदान स्थलों का भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण किया जा रहा है। 763 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। विशेष तौर पर चिह्नित किए गए लोगों के खिलाफ 117 की कार्रवाई की जा रही है। नगीना सर्किल में 68 प्रतिशत शस्त्र जमा किए जा चुके हैं। वहीं, रेहड़ में थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र के पदारथपुर, सादकपुर, हसनपुर, उदयपुर, भटपुरा आदि में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के 635 लोगों के विरुद्ध मुचलका पाबंद की कार्रवाई अमल में लाई गई है। जबकि 45 शस्त्र जमा कराए गए हैं।