नूरपुर/बढ़ापुर/अफजलगढ़। जिले में शुक्रवार को अलग अलग जगहों पांच सड़क हादसे हुए। एक हादसा नूरपुर में हुआ, जिसमें एक बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई, जबकि बढ़ापुर और अफजलगढ़ थाना क्षेत्र में चार जगहों पर हुए सड़क हादसों में नौ लोग घायल हुए हैं। उधर अम्हेड़ा हॉल्ट पर रेल इंजन के सामने कूदे युवक के दोनों हाथ कट गए।
शुक्रवार की सुबह थाना नगीना देहात के गांव कमालपुर भोगा निवासी विशाल कुमार व सोहन सिंह बाइक से क्षेत्र के गांव अफजलपुर भाऊ उर्फ भाऊवाला से वापस अपने गांव जा रहे थे। बढ़ापुर-नगीना मार्ग पर ग्राम बासोंवाला में उनकी बाइक किसी वाहन से टकरा गई। जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को नगीना सीएचसी पहुंचाया, जहां विशाल की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
उधर बाइक गांव तैयबपुर के पास दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर हो गई। जिसमें एक बाइक पर सवार गांव रसूलपुर मिट्ठों उर्फ ढेला निवासी छोटू व मुन्नू और दूसरी बाइक पर सवार कोतवाली शहर के गांव टिक्कोपुर निवासी सौरभ और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उपचार के लिए सभी घायलों को नगीना सीएचसी ले गई।
उधर अफजलगढ़ से अपने गांव मोहम्मद पुर राजौरी लौटते हुए डालचंद व भूपेन्द्र सिंह की बाइक गांव भज्जावाला के पास किसी वाहन की चपेट में आकर गिर गई। इस हादसे में एक ही बाइक पर सवार दोनों लोग घायल हो गए।
अफजलगढ़ क्षेत्र की दूसरी घटना भूतपुरी जसपुर मार्ग में शेरगढ़ तिराहे पर हुई। जिसमें हल्द्वानी जा रहे नजीबाबाद के पुरनपुर गढ़ी निवासी बाइक सवार अवनीश गौतम घायल हो गए। बृहस्पतिवार की देर शाम बाइक अनियंत्रित होकर गिर जाने की वजह से अवनीश गौतम घायल हुए।
रेल इंजन के आगे कूदा युवक
हल्दौर। शुक्रवार की शाम चार बजे नूरपुर के गांव कुंडा खुर्द निवासी तेजपाल सिंह पुत्र धीर सिंह गांव अम्हेड़ा रेलवे हाल्ट के प्लेटफार्म पर बैठा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजनौर से चांदपुर की ओर से जा रहा ट्रेन का एक इंजन वहां से गुजरा तो तेजपाल सिंह अचानक उसके आगे कूद गया। जिसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुआ और उसके दोनों हाथ कट गए। घायल युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से शिनाख्त करते हुए पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी।